जिले के चर्चित व्यापारी राजू कमरया अपहरणकांड के मुख्य आरोपी विनोद जाट को हाथरस पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस पर पचास हजार रुपए का ईनाम घोषित है। खबर मिलते ही यहां से पुलिस की टीमें पूछताछ के लिए हाथरस रवाना हो गईं।
व्यापारी राजू कमरया व उनके साथी का अपहरण कर 25 करोड़ की फिरौती मांगे जाने में नाम सामने आने के बाद से विनोद जाट की सरगर्मी से तलाश हो रही थी। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही झांसी पुलिस की कई टीमें हाथरस रवाना हो गईं। हाथरस मेें गिरफ्तारी के बाद वहां के पुलिस अधीक्षक घुले सुशील ने अपने दफ्तर में प्रेसवार्ता में बताया कि विनोद जाट के पकड़ में आने के बाद लखनऊ और आगरा की एसटीएफ ने उससे देर तक पूछताछ की। इसके अलावा झांसी, मथुरा और एटा पुलिस ने भी विनोद से पूछताछ की है। मूल रूप से हाथरस के मुरसान थाना क्षेत्र के महामोनी गांव का रहने वाला विनोद जाट उर्फ विनोद चौधरी पुलिस का बर्खास्त सिपाही है। वह अजय जडेजा गैंग का शातिर सदस्य है और यूपी, एमपी और राजस्थान तक इसका नेटवर्क है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 28 अक्तूबर को वृंदावन से लूटी एक स्कॉर्पियो कार, एक पिस्टल और 60 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक विनोद जाट ने ही सादाबाद में चांदी कारोबारी सुखवीर से आठ लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया था। एसपी ने बताया कि लूट में शामिल रहे सतीश पुत्र नरायन सिंह निवासी बिसावर, पिंटू जाट निवासी सारस, राया और एक अन्य भाग निकलने में कामयाब हो गए।