संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 15वीं राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। चैंपियनशिप में दूसरे दिन आठ मैच खेले गए इनमें राजस्थान, अरुणाचल, छत्तीसगढ़, हिमाचल, चंडीगढ़, गोवा, दिल्ली और केरल जीते।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन का पहला मैच हॉकी राजस्थान और हॉकी जम्मू एंड कश्मीर के मध्य खेला गया। हॉकी राजस्थान की ओर से विशाल कुमार ने दो गोल, केसरी पुलकित, अनुराग व विक्रम सिंह राठौर ने एक-एक गोल किए। हॉकी जम्मू एंड कश्मीर की ओर से विशु शर्मा ने दो गोल, जगमीत सिंह व सुशमीत सिंह पठानिया ने एक-एक गोल किया। मैच में हॉकी राजस्थान 5-4 गोल से विजयी रही।
दूसरा मैच अरुणाचल और त्रिपुरा हॉकी के मध्य खेला गया। हॉकी अरुणाचल की ओर से अभिनव सिंह दनादन छह गोल दाग कर प्लेयर ऑफ द मैच बने। शहबाज खान व जयप्रकाश पटेल ने तीन-तीन गोल, बृजेश यादव ने चार गोल, नीरज ने दो गोल, विशाल कुमार व प्रांजल कुमार मिश्रा ने एक-एक गोल किया। मैच में हॉकी अरुणाचल ने 20-0 गोल से शानदार जीत दर्ज की।
तीसरा मैच छत्तीसगढ़ हॉकी और हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के बीच खेला गया। छत्तीसगढ़ हॉकी की टीम 15-0 गोल से विजयी रही। मैच में सोनू निशाद, अर्जुन यादव, कार्तिक यादव, शैलेंद्र वर्मा, बोपन्ना कूथंडा चंगप्पा ने दो-दो गोल किए। वहीं, कुशल यादव, विष्णु यादव, रोहित रजक, राज आनंद सरोज व आदित्य मेशरम ने एक-एक गोल किया।
चौथे मैच में हॉकी हिमाचल की टीम की ओर से रजत शर्मा व हर्ष ने सर्वाधिक पांच-पांच गोल, अमित कुमार ने तीन गोल, आयुष ने दो गोल, कपिल व सतविंदर सिंह ने एक-एक किए। मैच के अंतिम क्वार्टर में हॉकी गुजरात की तरफ से श्याम प्रकाश यादव ने एक गोल किया। हॉकी हिमाचल 17-1 गोल से विजयी रही।
पांचवा मैच हॉकी चंडीगढ़ और तेलंगाना हॉकी के मध्य खेला गया। मैच में हॉकी चंडीगढ़ 2-1 गोल से विजयी रही। चंडीगढ़ की ओर से दिलीप पाल व मोहित ने एक-एक गोल किए। मैच के अंतिम क्वार्टर में तेलंगाना हॉकी की तरफ से वेंकटेश तेलुगू ने एक गोल किया।
छठा मैच गोवा हॉकी और हॉकी आंध्र प्रदेश के बीच खेला गया। गोवा हॉकी की ओर से साहिल चारी, महादेव अग्नि नाइक, ईशुब सैय्यद, त्रिशूल गणपति, अय्याज ने एक-एक गोल दागे। हॉकी आंध्र प्रदेश के वेणु गोरेल्ला गोपाल एक गोल किया। इस प्रकार मैच में गोवा हॉॅकी 5-1 गोल से विजयी रही।
सातवां मैच दिल्ली हॉकी और दादर एवं नगर हवेली हॉकी की टीम के मध्य खेला गया। दिल्ली हॉकी की ओर से योगेंबर रावत ने सर्वाधिक चार गोल, रोहित, प्रशांत व प्रदीप ने एक-एक गोल किए। मैच में दिल्ली हॉकी 7-0 गोल से विजयी रही।
आठवां मैच हॉकी मिज़ोरम और केरल हॉकी के मध्य खेला गया। मैच में शहनुल शफस ने दो गोल, मुहम्मद अब्बास अली व निशांत ने एक-एक गोल व प्रेमकुमार ने एक गोल किया। जवाब में हॉकी मिजोरम के लालदुसका व अविलाश ने एक-एक गोल किया। मैच केरल हॉकी ने 5-2 से जीता।
मैच के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार, बीड़ा के एसीईओ प्रवीण वर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, राजेश सोनकर, राममिलन, अजय प्रताप साहू, सुषमा, विकास उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
- आज खेले जाएंगे ये मैच
- हॉकी जम्मू एंड कश्मीर व त्रिपुरा हॉकी का मैच सुबह 10:30 बजे
- दादर और नगर हवेली व दमन दीव व असम हॉकी का मैच दोपहर 2:45 बजे
- केरला हॉकी व हॉकी राजस्थान का मैच 4:45 बजे