झांसी। महानगर के प्रतिभावान फिल्म निर्देशक राज शांडिल्य को फिल्म फेयर के बेस्ट डेब्यू अवार्ड के लिए नामांकित किया गया है। 15 फरवरी को गुवाहाटी में फिल्म फेयर अवार्ड का आयोजन होगा। ड्रीम गर्ल का निर्देशन करने वाले शांडिल्य को इस अवार्ड के लिए उरी फिल्म के निर्देशक आदित्य धर, मिशन मंगल के निर्देशक जगन शक्ति सहित तीन अन्य निर्देशकों से चुनौती मिलेगी। ये भी बेस्ट डेब्यू अवार्ड के लिए नामांकित हैं।
राज शांडिल्य ने अमर उजाला से फोन पर बातचीत में कहा कि, यह अच्छी बात है, कि उन्हें फिल्म फेयर में जगह मिली है। यह अवार्ड हम में से किसी को भी मिले। यह हम सभी के लिए बहुत अच्छा होगा।
मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री बॉलीवुड में बुंदेलखंड के क ई प्रतिभावान कलाकारों, गीतकार, लेखकों, निर्देशकों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बरुआसागर के निवासी प्रसिद्ध गीतकार इंदीवर ने फिल्म फेयर अवार्ड पाया था। इसी क्रम में बुंदेलखंड के हाथ में एक बार फिर फिल्म फेयर अवार्ड आने की संभावना है। राज शांडिल्य खाती बाबा इलाके के रहने वाले हैं। 25 करोड़ रुपये की लागत से बनी उनकी फिल्म ड्रीमगर्ल 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हुई थी। फिल्म में मुख्य भूमिका आयुष्मान खुराना ने अदा की थी।