झांसी। भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन ने गैस का पेमेंट न करने पर राज गैस सर्विस को गैस देना फिलहाल बंद कर दिया है। इस गैस एजेंसी के सभी 15000 उपभोक्ताओं को शहर की 4 गैस एजेंसियों पर शिफ्ट कर दिया गया है। अब यही एजेंसियां गैस का वितरण करेंगी। अब इन गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं का बोझ बढ़ गया है।
झांसी जनपद में आईओसी, बीपीसी और एचपीसी की 55 गैस एजेंसियां हैं। इन एजेंसियों के द्वारा 5 लाख उपभोक्ताओं को गैस की सप्लाई की जाती है। लेकिन अब एक गैस एजेंसी राज गैस सर्विस फिलहाल बंद हो गई है। दरअसल इस गैस एजेंसी को बीपीसी ने सिलिंडर देना बंद कर दिया है। जब इस गैस एजेंसी से उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिला तो हल्ला मचने लगा। कंपनी तक लोगों ने शिकायतें कीं। लोगों का कहना था कि उनका सिलिंडर नहीं आ रहा है। वह कई दफा एजेंसी पर फोन कर चुके लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन के विक्रय अधिकारी हिमांशु ने बताया कि एजेंसी द्वारा भुगतान नहीं किया गया था, जिस कारण सभी उपभोक्ताओं को अन्य एजेंसियों पर शिफ्ट किया गया है। प्रतिदिन 300 बुकिंग एजेंसी पर होती हैं, इनक ो सिलिंडर न मिलने की शिकायतें आई थीं। जिन पर अन्य एजेंसियों से संपर्क कर निस्तारण कराया जा रहा है। वहीं, उपभोक्ताओं के लिए 9511110912 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
इन गैस एजेंसियों पर शिफ्ट हुए उपभोक्ता
- अनय भारत गैस
- सूर्या गैस सर्विस
-केजीएन भारत गैस
- राजेंद्र प्रसाद भारत गैस