झांसी। महानगर वासियों के लिए राहत भरी खबर है। अब 17 जुलाई तक बारिश जारी रहेगी। बारिश कभी हल्की, तो कभी ज्यादा हो सकती है। इस बीच आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान 15 से 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि बुधवार को 30 मिलीमीटर बारिश की संभावना है। वहीं, 14 जुलाई को 20, 15 को सात, 16 को छह और 17 को नौ मिलीमीटर बारिश हो सकती है। पांचों दिन घने काले बादल छाए रह सकते हैं। 15 से 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी दिशा से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच में रह सकता है। अधिकतम आर्द्रता 80 से 91 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
कभी धूप, कभी बारिश
पिछले कुछ दिनों के मुकाबले मंगलवार का तापमान थोड़ा गरम रहा। सुबह से ही हल्की धूप खिली रही। दोपहर एक बजे से हल्की बारिश शुरू हो गई। तीन बजे तक बीच-बीच में रुक रुककर बूंदाबांदी होती रही। इसके बाद अचानक तेज धूप खिल आई। इससे गर्मी और उमस बढ़ गई। मंगलवार का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह करें किसान
ज्वार, बाजरा, चरी, ग्वार चारा फसलों की बुआई करें। हरी खाद के लिए ढैंचा की बुवाई करें। बारिश से खेतों में जलभराव की समस्या पैदा हो रही है। इसलिए धान के खेत को छोड़कर सभी फसलों में उचित जल निकासी की व्यवस्था करें। सभी फसल में खाद, उर्वरकों का प्रयोग मृदा परीक्षण की संस्तुतियों के आधार पर करें। मूंगफली, सोयाबीन, तिल की फसलों में 25 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से गंधक का प्रयोग करें। वहीं, आम, पपीता, बेर, आंवला, बेल, अमरूद, नींबू, जामुन, शीशम, सीरस, नीत के पौधों की रोपाई का ठीक समय है।