झांसी में मंगलवार हुई तेज बारिश ने नगर निगम के नाला सफाई संबंधी दावों की पोल खोल दी। झमाझम बारिश से महानगर की प्रमुख सड़कों से लेकर मोहल्लो की सड़कों और गलियों तक में पानी भर गया।
इससे राहगीरों के साथ ही स्कूली बच्चों को दोपहर में घर लौटते वक्त काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश का असर बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। जलभराव और कीचड़ के चलते लोगों ने खरीदारी से परहेज किया।
कई दुकानदारों ने दुकान भी नहीं खोली। उधर नगर निगम द्वारा 1 करोड़ 20 लाख से कराई गई नालों की सफाई की पोल खुल गई। नगर निगम के कागजों में नालों की सफाई ठीक ढंग से की गई है। जबकि नाले चोक होने की वजह से बारिश का पानी सड़कों पर भर गया।
जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने नगर निगम अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि अगर जलभराव हुआ तो कार्रवाई होगी ।वही सीपरी बाजार में कालीबाड़ी नाले की सफाई ठीक ढंग से ना होने पर पार्षद उमेश जोशी ने आपत्ति जताई है।