झांसी। आमदनी में बढ़ोत्तरी को रेलवे के वाणिज्य विभाग ने रेलवे स्टेशन पर
समय-समय पर होने वाली उद्घोषणाओं के बीच विज्ञापन प्रसारित करने की योजना
बनाई थी। लेकिन, एक साल से अधिक समय गुजरने के बाद भी इस योजना का
क्रियान्वयन नहीं हो सका है।
रेलवे अभी रेलवे प्लेटफार्म, रेलवे परिसर
व ट्रेनों में विज्ञापन लगवा कर राजस्व अर्जन का काम करता है,। लेकिन
पिछले साल झांसी रेल मंडल में विज्ञापन के जरिये पैसा कमाने का नया तरीका
अपनाने की योजना बनाई गई थी। योजना के हिसाब से एनाउंसमेंट के साथ विज्ञापन
प्रसारण होना था। इससे रेलवे को राजस्व तो अर्जित हो ही, साथ ही यात्रियों
का मनोरंजन भी होता है। इसमें जागरूकता फैलाने वाले कई विज्ञापन भी शामिल
किए जाने थे। मगर एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इस योजना पर काम
शुरू नहीं हो सका। इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी गिरीश कंचन ने बताया कि
जो साफ्टवेयर मंगाया गया था वह सफल नहीं हो सका। इस कारण योजना पर काम शुरू
नहीं हो सका। अब दुबारा इस योजना को शुरू करने की तैयारी चल रही है।