झांसी। रेलवे के परिचालन विभाग में तैनात प्वाइंट्समैन कैडर पुनर्गठन के बाद अब इन्हें वेतन वृद्धि और उच्च पदों पर पदोन्नति के बेहतर अवसर भी प्राप्त होंगे। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में सभी जोनल रेलवे के जीएम को बीते 14 मई को आदेश जारी कर दिए है। एनसीआरईएस के मंडल सचिव गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि प्वाइंट्समैन के मुद्दे को लेकर संघ के महामंत्री और एनएफआईआर के कोषाध्यक्ष आरपी सिंह रेलवे बोर्ड व पीएनएम में उठा चुके है।
रेलवे में प्वाइंट्समैन की भर्ती के बाद लंबे समय तक सेवा देने के बाद भी वह उच्च श्रेणियों तक नहीं पहुंच पाते थे। हालांकि नई व्यवस्था के तहत इस कैडर को अब चार श्रेणी प्वाइंट्समैन ग्रेड-चार (लेवल एक), ग्रेड-तीन (लेवल दो), ग्रेड-दो (लेवल चार) और ग्रेड-एक (लेवल पांच) की श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें सबसे सबसे महत्वपूर्ण बदलाव पे-लेवल चार और पांच (सीनियर ग्रेड) का समावेश किया गया है। यह नया पुनर्गठित ढांचा तीन अप्रैल 2026 से प्रभावी माना जाएगा। नार्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ ने प्वाइंट्समैन वर्ग के कर्मचारियों को भविष्य में पदोन्नति के अवसर मिलने के आदेश जारी होने पर हर्ष जताया।
मंडल सचिव गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक कर्मचारियों को ग्रेड पे 1800 एवं ग्रेड पे 1900 से ऊपर पदोन्नति का अवसर नहीं था। एनसीआरईएस के महामंत्री और एनएफआईआर के कोषाध्यक्ष आरपी सिंह पीएनएम बैठक में प्वाइंट्समैन वर्ग के कर्मचारियों को लेवल-5 तक की पदोन्नति की मांग को मजबूती से रखा। इस पर रेलवे बोर्ड ने सहमति प्रदान करते हुए प्वाइंट्समैन वर्ग के कर्मचारियों के लेवल-5 जी.पी 2800 तक पदोन्नति के आदेशों को जारी कर दिया गया हैं। इस मौके पर केएस शुक्ला, राघवेंद्र तिवारी, बृजेश तिवारी, सुनीता झा, नीलम सिंह, दीपा सिंह, मालती गौतम, अंजना, छवि साहू, रजनी सक्सेना, वंदना तिवारी समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।