झांसी। ओवरब्रिज निर्माण में रेलवे की सुस्ती सीपरी बाजार क्षेत्र में रहने वाले लोगों पर भारी पड़ रही है। ओवरब्रिज निर्माण पूरा न होने से उपजी समस्याओं के कारण लोगों का आवागमन बुरी तरह से प्रभावित बना हुआ है। बारिश में समस्या और भी बढ़ गई है।
आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इससे क्षेत्र का कारोबार भी प्रभावित है। इसके बावजूद, निर्माण कार्य को गति नहीं दी जा रही है। रविवार को अमर उजाला की टीम ने चित्रा चौराहा से पुरानी कलारी तक का जायजा लिया। यहां हाथ ठेलों का अतिक्रमण, रेलवे पुल के नीचे जलभराव, सीपरी बाजार के में प्रवेश मार्ग पर उखड़ी गिट्टी व गड्ढे, कचरे के ढेर राहगीरों के लिए जी का जंजाल बने हुए है।
नेताओं को भी नहीं दिखती समस्या
स्कूली बस बच्चों को चित्रा चौराहा पर छोड़ देती है। बच्चों को घर जाने के लिए रेलवे पुल से होकर रस बहार तिराहा से सीपरी में प्रवेश करना पड़ता है, लेकिन मार्ग में गंदे पानी से भरे बडे़-बडे़ गड्ढे है और पत्थर उखडे़ है, जिससे कई बार उनके बच्चे गिरे। वहीं बच्चों को लेने के लिए वन-वे ट्रैफिक होने पर उन्हें पूरा चक्कर लगाना पड़ता है।
इसके चलते उनके समक्ष प्रतिदिन समस्या आती है। इस मार्ग से प्रतिदिन नेता निकलते है, लेकिन किसी को यह समस्या नहीं दिखती है। जरूरत है कि सर्विस रोड तो बन जाए।
प्रदीप अग्रवाल स्थानीय निवासी
कई राहगीर होते है चोटिल
चार माह हो गए, लेकिन रेलवे एक पिलर भी खड़ा नहीं कर सकी, इसके अलावा सेतु निगम की पड़ी सामग्री भी अतिक्रमण किए हुए है, जिससे आवागमन दौरान कई राहगीर टकराकर चोटिल हो जाते है। रेलवे पुल मार्ग पर गंदा पानी का भराव और मार्ग पर बडे़-बडे़ गड्ढे सीपरी बाजार के व्यापार को प्रभावित कर रहा है। कई ग्राहक तो यहां आने से कतराने लगे है।
प्रकाश साहू, व्यापारी
समस्या और विकराल हो गई
पुल बनाने से पहले ही सड़क का चौड़ीकरण होना चाहिए था। रोड पर रखा ट्रांसफार्मर, आडे़ तिरछे खडे़ बिजली के खंभों को पहले हटाया जाना चाहिए था, ताकि लोग आसानी से आ जा सके। पुल बनने को है, लेकिन यातायात की दृष्टि से समस्या और विकराल हो गई है। पुल के नीचे की जगह में वैध पार्किंग बना दी जाए, ताकि सीपरी बाजार में आने वाले लोग और दुकानदार सुविधा से पार्किंग कर सके।
गोपाल पुरवार, व्यापारी
लगता है दो वर्ष और लग जाएगा
ओवरब्रिज क ो लेकर रेलवे जिस गति से काम कर रही है, उससे लगता है कि व्यवस्था दुरुस्त होने में दो वर्ष का समय और लग जाएगा। पिछले तीन वर्ष से सर्विस रोड का आश्वासन मिल रहा है, जिसके न होने पर और शाम के समय हाथ ठेलों के अतिक्रमण से सीपरी में आने में परेशानी होती है। चित्रा चौराहा पर तिपहिया वाहन चालक यात्रियों को उतार देते है। ऐसे में सीपरी बाजार, नंदनपुरा आदि क्षेत्रों में जाने वाले राहगीरों को मार्ग में जलभराव, उखड़ी गिट्टी और गढ्ढों से बचकर चलना पड़ता है।
डा. अरुण कौशिक, राहगीर
नगर निगम मार्ग के साइड की ढाई मीटर की पट्टी बनवाएगा। सर्विस रोड का निर्माण की जिम्मेदारी सेतु निगम की है। वहीं, व्यापारियों, पुलिस और प्रशासन के सहयोग मिलने पर ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
किरन राजू बुकसेलर, महापौर
ओवरब्रिज निर्माण में कंपनी अपने हिसाब से काम कर रही है और वह तय समय में काम को पूरा कर लेगी।
गिरीश कंचन
जनसंपर्क अधिकारी रेलवे