झांसी। रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए अब पार्सल बुकिंग और मालभाड़े (मालगाड़ी से जाने वाली वस्तुओं) से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए शिकायत हेल्पलाइन 139 नंबर पर ही शुरू कर दी है। अभी तक इस हेल्पलाइन नंबर से यात्रियों को सुविधाओं व शिकायत करने की व्यवस्था थी।
पूर्व में रेलवे ने सुरक्षित यात्रा के लिए यात्रियों को 30 से अधिक हेल्पलाइन नंबर जारी कर रखे थे। इन नंबरों को एक साथ ध्यान रखना संभव नहीं हो पाता था। इसमें ट्रेन व आरक्षण की स्थिति जानने, ट्रेन में सुरक्षा संबंधी, ट्रेन में पानी, बिजली, चिकित्सा, एसी आदि समस्या व शिकायत, ट्रेन दुर्घटना होने पर मदद के लिए, विजिलेंस को सूचना देने, एसएमएस पर शिकायत करने, ट्रेन में सफाई आदि के लिए नंबर जारी किए गए थे। मगर, विगत एक जनवरी से इन सभी नंबरों को हटाकर रेलवे ने उक्त सभी सुविधाएं 139 नंबर पर शुरू कर दी थीं। अब रेलवे ने पार्सल बुकिंग और मालगाड़ी से भेजे जाने वाली वस्तुओं से संबंधित जानकारी व शिकायत की व्यवस्था को भी 139 नंबर से जोड़ दिया है। अक्सर यात्रियों के पार्सल गलत स्टेशनों पर उतर जाते हैं, ऐसे में यात्री को अपने पार्सल के बारे में जानकारी करना आसान हो जाएगा। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पार्सल बुकिंग और मालभाड़े के लिए 139 पर सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे यात्रियाें को सुविधा होगी।