झांसी। प्लेटफार्म पर सोने वाले सामान्य यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। उनकी सुविधा के लिए स्टेशन के बाहर विशाल यात्री प्रतीक्षालय बनवाया जाएगा। प्रतीक्षालय के लिए केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने अपनी सांसद निधि से पचास लाख रुपये दिए हैं।
महानगरों में मजदूरी करने के लिए बुंदेलखंड के विभिन्न शहरों के लोग झांसी के रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ते हैं। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को काफी देर तक प्लेटफार्म पर रुकना पड़ता है। स्थिति यह रहती है कि ट्रेनों के इंतजार में यात्री प्लेटफार्म पर ही चादर बिछा कर लेट जाते हैं। ऐसे में उन्हें कभी पुलिस की फटकार तो कभी अन्य समस्याओं से दो-चार होना पड़ता है। ऐसी स्थिति में अब जनरल टिकट पर यात्रा करने वालों को नहीं जूझना पड़ेगा।
रेलवे स्टेशन के बाहर सांसद निधि से विशाल यात्री प्रतीक्षालय बनाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने अपनी सांसद निधि से प्रतीक्षालय निर्माण के लिए पचास लाख रुपये जारी कर दिए हैं, जिसे जिला प्रशासन ने रेलवे को हस्तांतरित कर दिया है। रेलवे के अधिकारी शीघ्र ही प्रतीक्षालय के लिए निर्माण कार्य शुरू कराएंगे।
प्रतीक्षालय के लिए रेलवे स्टेशन के मुख्य दरवाजे के बाहर बने डाकघर के बगल में पड़ी जमीन को चुना गया है। प्रतीक्षालय में एक बड़ा हॉल, महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय व स्नानघर बनाए जाएंगे। साथ ही इसमें पीने के लिए स्वच्छ पेयजल, पंखे व कूलर लगेंगे।
ट्रेनों के आवागमन की जानकारी के लिए प्रतीक्षालय में लाउडस्पीकर भी लगाया जाएगा। यात्री प्रतीक्षालय बनने से सामान्य यात्रियों को राहत मिलेगी।
स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय के लिए काफी समय से जन सामान्य मांग कर रहे थे। लोगों की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने सांसद निधि से राशि जारी की है। यह प्रतीक्षालय बनने से झांसी ही नहीं पूरे बुंदेलखंड के लोगों को सुविधा मिलेगी।
- डॉ. जगदीश सिंह चौहान,
सांसद प्रतिनिधि, उमा भारती