झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने शुक्रवार को विशेष ट्रेन से मानिकपुर- बांदा- खैरार से भीमसेन सेक्शन तक का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। उन्होंने इस सेक्शन में चल रहे विद्युतीकरण के काम को देखा। साथ ही बांदा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को देखा।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने ट्रैक के आसपास एवं स्टेशनों पर सफाई व्यवस्था में बेहतरी के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बिजली-पानी की व्यवस्था में सुधार व यात्री सुविधाओं में वृद्धि करने को कहा। बांदा स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान परिसर, आरक्षित व अनारक्षित टिकट खिड़की, यात्री विश्रामालय, विकलांग एवं अन्य यात्री प्रसाधन, कोच इंडिकेशन बोर्ड, कैटरिंग स्टाल की सुविधाओं को देखा। यात्रियों से सुविधाओं की जानकारी ली। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. जितेंद्र कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) केके तलरेजा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह होता है विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण एक विशेष निरीक्षण होता है, जिसमें रेल पथ और उसके पास के सभी इंस्टालेशनों जैसे सिग्नल, ओएचई, प्लेटफार्म आदि का चलती हुई गाड़ी में लगे निरीक्षण यान की पिछली खिड़की से निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान मार्ग में पड़ने वाले स्टेशनों की सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं जैसे राइडिंग क्वालिटी, प्वाइंट, क्रॉसिंग पर ट्रैकज्योमेट्री इंडेक्स में सुधार, ओएचई की स्थिति, मार्ग में पड़ने वाले गेट, छोटे व बड़े पुलों की स्थिति को देखा जाता है।
बिना टिकट 303 यात्री पकड़े
झांसी। उरई रेलवे स्टेशन पर चलाए गए टिकट चेकिंग अभियान के दौरान अलग-अलग ट्रेनों से 303 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया। पकड़े गए यात्रियों से 1,55,090 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक सीमा तिवारी ने किया। अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक सोहन लाल, पवन, शैलेंद्र यादव, सरफराज शामिल रहे।