संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मंडल रेलवे में तैनात 45 साल या फिर उससे अधिक उम्र के रेलकर्मियों को इस बार रेल प्रशासन सिक्किम, गंगटोक, दार्जिलिंग एवं नाथूला के अलावा उसके आसपास के स्थलों की सैर कराएगा। 50 कर्मचारियों के टूर में शामिल रेलकर्मियों को एक तरफ की हवाई यात्रा के किराये का भुगतान करना होगा। इस संबंध में डीएसबीएफ कमेटी ने 25 सितंबर तक रेलकर्मियों से आवेदन मांगे हैं।
मंडल रेल प्रशासन हर साल कर्मचारी हित निधि की धनराशि से मंडल में तैनात 50 रेलकर्मियों को देश के अलग-अलग पर्यटकों स्थलों की सैर कराता है। नवंबर 2025 में भेजे जाने वाले टूर को लेकर पिछले दिनों हुई मंडल कर्मचारी हित निधि कमेटी की बैठक हुई। तय किया गया कि कर्मचारियों को सिक्किम, गंगटोक, दार्जिलिंग, नाथूला एवं उसके आसपास के स्थलों पर भ्रमण के लिए भेजा जाएगा। एक तरफ का हवाई यात्रा किराया करीब 7500 रुपये टूर पर जाने से 20 दिन पहले कर्मचारी हित निधि खाते में ऑनलाइन या फिर चेक के माध्यम से देना होगा।
इंनसेट,,,
इन रेलकर्मियों का होगा चयन
टूर पर जाने वाले रेलकर्मियों में ऐसे कर्मचारी जो सेवानिवृत होने की कगार पर हैं, उन्हें वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा, ऐसे कर्मचारी जो पहले कभी एक बार टूर पैकेज में शामिल हो चुके हैं, उन्हें पुन: शामिल नहीं किया जाएगा। टूर में शामिल कर्मचारी के न जाने पर प्रतीक्षा सूची से वरीयता के अनुसार अगले क्रम के कर्मचारी को शामिल किया जाएगा। टूर में जाने वाले कर्मचारियों को आवेदन के साथ रेल चिकित्सक की ओर से जारी स्वास्थ्य प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।