झांसी। रेलवे बोर्ड भारतीय रेल के सभी टिकट चेकिंग कर्मचारियों को टीटीई लॉबी एप्लीकेशन से जोड़ने की तैयारी कर रहा है। इससे टिकट चेकिंग कर्मचारियों के ड्यूटी से जुड़े सभी काम डिजिटल हो जाएंगे। उम्मीद है कि जल्द ही इस व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।
रेलवे के 16 जोन में 67 मंडल स्थित हैं। इन मंडलों के 202 प्रमुख स्टेशनों पर टिकट चेकिंग लॉबी काम कर रही हैं। लॉबी से ही ट्रेनों में चलने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी तय होती है। लॉबी का काम 2018 में कंप्यूटर से जोड़ दिया गया था। मगर अब कर्मचारियों की ड्यूटी के आने व लौटने का समय, यात्रा भत्ता, रसीद काटकर अर्जित होने वाला राजस्व लेकर, ट्रेनों का लिंक समेत सभी कार्य डिजिटल करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए टीटीई लॉबी एप्लीकेशन प्रोग्राम तैयार किया जा रहा है। इस प्रोग्राम से सभी चेकिंग कर्मचारियों को जोड़ा जाएगा, ताकि उनसे जुड़ा हर लेखा जोखा क्लिक करते ही पता चल सके। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही टीटीई लॉबी एप्लीकेशन लागू करने पर विचार चल रहा है।
यह भी जानिए
नियमित ट्रेनों के संचालन के समय रेल मंडल प्रशासन ने प्रतिदिन 98 ट्रेनों में चलने वाले टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए एम्युनिटी डिटेल लिंक बना रखे थे। यह स्टाफ झांसी स्टेशन से अप और डाउन की ट्रेनों में निजामुद्दीन, इटारसी, कानपुर और बांदा के लिए चलता है। शताब्दी एक्सप्रेस व वीकली ट्रेनों के लिए अलग-अलग टीमें हैं। इसके अलावा स्पेशल स्क्वाएड और ओपन डिटेल में अलग कर्मचारी तैनात हैं। 726 कर्मचारी उपलब्ध हैं। जरूरत 1800 कर्मचारियों की है।
अभी यह चल रही व्यवस्था
कोरोना काल में अप और डाउन की करीब 70 ट्रेनें प्रतिदिन झांसी स्टेशन से गुजर रहीं हैं। इन ट्रेनों में उक्त सभी टीमों की बारी- बारी से ड्यूटी लगाई जा रही है। सभी टीमों में करीब चार सौ कर्मचारी तैनात हैं। एक ट्रेन में दो टीमों को भेजा जा रहा है, ताकि गाड़ी के हर कोच में चेकिंग कर्मी की मौजूदगी हो सके।