जलसंस्थान का वह कक्ष जिसको क्वारंटीन कर दिया गया है।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। जलसंस्थान के कंट्रोल रूम में कार्यरत एक कर्मचारी को कोटा से लौटे अपने बेटे से सीधा मिलना भारी पड़ रहा है। उनका बेटा जिस बस में बैठा था, उसी बस में गाजीपुर की रहने वाली एक कोरोना पॉजिटिव छात्रा मौजूद थी। इस कारण स्वास्थ्य टीम ने उनको जांच के लिए बुला दिया। वहीं, विभाग ने कंट्रोल रूम कक्ष में ताला डाल दिया है।
जलसंस्थान के कंट्रोल रूम में कार्यरत एक कर्मचारी का बेटा कोटा में पढ़ाई कर रहा है। उनका बेटा चार दिन पहले बस से कोटा से झांसी आया। वह जिस बस में सवार था, उसमें एक कोरोना पॉजिटिव छात्रा भी मौजूद थी। सभी छात्रों को जांच के लिए पैरामेडिकल कॉलेज में रोक लिया गया था। वहीं, गाजीपुर पहुंचने पर छात्रा के कोरोना पॉजीटिव होने का पता चला था। इधर, इस बात का पता लगने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बस में मौजूद सभी छात्रों से संपर्क कर उनकी जांच की। वहीं, जांच के पूर्व ही उक्त कर्मचारी अपने पुत्र से मिलने पहुंच गया। उससे बात की और खाने के लिए केले दिए। इस बात का पता लगने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कर्मचारी को भी जांच के लिए बुला लिया। वहीं, विभाग ने कर्मचारी को अवकाश पर भेज दिया है। साथ ही जिस कमरे में कर्मचारी बैठता था, उस पर भी ताला डाल दिया। इस मामले के कारण अन्य कर्मचारी भी दहशत में हैं।