अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पुलिसकर्मियों के लिए 67 करोड़ की लागत से आधुनिक बैरक बनाई जाएगी। इसमें करीब तीन सौ पुलिसकर्मी रह सकेंगे। चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद इसका काम आरंभ होगा। अभियंताओं के मुताबिक निर्माण कार्य 18 माह के भीतर पूरा करा लिया जाएगा। इससे पुलिस कर्मियों को आरामदेह आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
पुलिस विभाग की कोछा भांवर में खाली जमीन पड़ी है लेकिन, तमाम अड़चनों के चलते यहां कोई काम नहीं हो पा रहा था। पुलिस विभाग की ओर से अड़चनें खत्म करने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने 67 करोड़ की लागत से ट्रांजिट हॉस्टल का प्रस्ताव बनाया। प्रांतीय निर्माण खंड के एक्सईएन दीपांकर चौधरी के मुताबिक इसका निर्माण करीब ढाई एकड़ में कराया जाएगा। तेरह मंजिली इस इमारत में लिफ्ट भी होगी। एक कॉमन हॉल, मेस समेत अन्य दूसरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
हॉस्टल के बन जाने से दूर-दराज से ट्रेनिंग के लिए झांसी आने वाले पुलिसकर्मियों को न सिर्फ फायदा होगा बल्कि यहां तैनात पुलिसकर्मियों को आवासीय सुविधा भी मिल सकेगी। एक्सईएन दीपांकर चौधरी के मुताबिक काम आरंभ होने के 18 महीनों के भीतर इसका निर्माण पूरा करा लिया जाएगा।