झांसी। बृहस्पतिवार को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ पर हॉकी इंडिया के तत्वावधान में पुरुष वर्ग की सीनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन के मुकाबले एकतरफा रहे। पंजाब हॉकी अकादमी ने चंडीगढ़ को 2 - 0 से, सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड ने उत्तर प्रदेश को 5 - 1 से, पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ने सीआरपीएफ को 6 - 2 से हराया।
प्रतियोगिता में हॉकी के खेल प्रेमियों को कई दिग्गज खिलाड़ियों का खेल देखने के लिए मिला। पहले मैच में पंजाब ने चंडीगढ़ को दबाव से उबरने नहीं दिया और 41वें मिनट में वीरेंदर सिंह ने मैदानी गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद 56 वें मिनट में करनवीर सिंह ने गोल कर अपनी टीम की जीत तय कर दी। दूसरे मैच में सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड ने उत्तर प्रदेश को एकतरफा मुकाबले में हराया। इसी प्रकार से पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ने सीआरपीएफ को 6 - 2 से हराया। दिन का अंतिम चौथा मैच मुंबई हॉकी एसोसिएशन और ऑडिटर जनरल ऑफ इंडिया के बीच 3 - 3 से बराबरी पर खत्म हुआ। मैच में मुंबई के इमरान ने शानदार प्रदर्शन कर 10 वें और 17 वें मिनट में गोल किए। प्रतियोगिता में ए डिवीजन की श्रेष्ठ 18 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर रामतीर्थ सिंघल, विशिष्ट अतिथि मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। राजेंद्र प्रसाद बालिक ा इंटर कालेॅज, पंडित कृष्ण चंद्र शर्मा कन्या इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, स्वामी विवेकानंद कॉलेज की छात्राओं ने मोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एलन हाउस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने बैंड घोष किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, अपर नगर मजिस्ट्रेट वान्या सिंह, प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, अंतरराष्ट्रीय अंपायर अविनाश श्रीवास्तव, उप क्रीड़ाधिकारी राम मिलन, धर्मेंद्र कुमार, सुनीता तिवारी, पूनम बुद्धरानी, रंजीत राज आदि मौजूद रहे। संचालन सियाराम शरण चतुर्वेदी ने किया।
दिग्गज हुए सम्मानित
कार्यक्रम में देश के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें पूर्व ओलंपियन संजीव कुमार, अर्जुन अवार्डी देवेश चौहान, सैयद अली, एसके उथप्पा, तुषार खांडेकर, रोमियो जेम्स, राहुल सिंह, देवेंद्र वाल्मीकि के साथ ही टूर्नामेंट डायरेक्टर एचएस सोखी और टूर्नामेंट मैनेजर जीएस सांगा भी सम्मानित हुए।
आज ये होंगे मैच
सुबह 9 बजे से पंजाब और उत्तर प्रदेश के मध्य, सुबह 10:30 बजे से चंडीगढ़ और तमिलनाडु के मध्य, दोपहर 2:30 बजे से पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रोमोशन बोर्ड और कंपट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल ऑफ इंडिया के मध्य तथा शाम 4 बजे से सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स व सेंट्रल सेक्ट्रेट के मध्य मुकाबले होंगे।