झांसी। चिरगांव थाना इलाके में शुक्रवार को पंप ऑपरेटर की करंट से मौत हो गई। पंप की मोटर चलाते समय ऑपरेटर हादसे का शिकार हुआ। परिजनों ने मृतक के परिवार के लिए सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।
चिरगांव के ग्राम पहाड़ी बुजुर्ग निवासी धर्मेंद्र सिंह दांगी (34) संविदा पर पंप ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। शुक्रवार की सुबह तकरीबन चार बजे वे रोजाना की तरह मोटर चलाने पंप हाउस पहुंचे। पंप हाउस के इर्दगिर्द बारिश का पानी भरा हुआ था। मोटर चलाते ही वे करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई अरविंद सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र पिछले लगभग दस सालों से पंप ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे।
उनके तीन बच्चे गौरी (4), पूर्वी (3) व पुत्र सहदेव (2) हैं। मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।