प्रत्येक विधानसभा के तीन स्थलों का होगा पर्यटन विकास
झांसी। बुंदेलखंड में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के तीन स्थलों का पर्यटन विकास शासन करने जा रहा है। पर्यटन विकास के तहत प्रत्येक स्थल पर 50 - 50 लाख रुपये खर्च होगा। पर्यटन विभाग ने सभी विधायकों से प्रस्ताव मांगे हैं। इसमें वह अपने विधानसभा क्षेत्र के प्राकृतिक एवं पुरातत्व धरोहर से परिपूर्ण तीन स्थलों को चिह्नित करेंगे। जो मंजूरी के लिए शासन को भेजी जाएंगे। वहीं, ललितपुर के विधायक एवं राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने प्रस्ताव भेज दिया है।
प्राकृतिक एवं पुरातत्व धरोहरों से पूरी तरह से संपन्न बुंदेलखंड में पर्यटन विकास के लिए भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शासन ने फैसला लिया है, कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के ऐसे तीन स्थलों का पर्यटन विकास होगा, जहां पूर्व में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है अथवा वह पूरी तरह से उपेक्षित पड़ा है। पर्यटन विभाग के अनुसार प्रत्येक विधानसभा में डेढ़ करोड़ रुपये पर्यटन विकास के कार्य में खर्च होंगे। इनमें संपर्क मार्ग बनाया जाएगा, वॉच टॉवर, यात्री शेड, सोलर लाइट, बेंच, सुलभ प्रसाधन केंद्र आदि कार्य कराए जाएंगे। झांसी, ललितपुर, जालौन के सभी विधानसभाओं के विधायकों से प्रस्ताव मांगे गए हैं जो एक सप्ताह में मिल जाएंगे। उपनिदेशक आरके रावत के अनुसार राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ के प्रस्ताव में मड़ावरा तहसील के श्री हनुमान मंदिर अमेझरा, ब्लाक विरधा ग्राम बंट में च्यवन ऋषि के आश्रम स्थित जल प्रपात और पांडव वन हैं। जो प्राकृतिक एवं पुरातत्व दृष्टि से बेहद खूबसूरत है।