मोंठ। कालपी अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या किए जाने से मोंठ के अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश है। मोंठ बार संघ के अध्यक्ष संजय बादल के नेतृत्व में दर्जनों अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी मनीषा धारवे को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इस गंभीर घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कहा कि इस घटना से अधिवक्ता समाज में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने प्रकरण की निष्पक्ष जांच और हत्या में शामिल आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की भी मांग की। इस दौरान बार संघ के सचिव नीलम वर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता बृजभूषण नगाइच, चंद्रप्रकाश मिश्रा, भगवान स्वरूप खरे, अशोक श्रीवास्तव, चंदन सिंह यादव, मनीष यादव, संतोष वर्मा, क्रांति साहू, मिलेंद्र श्रीवास्तव, मनोज वर्मा आदि मौजूद रहे।