- प्रबंध समिति ने जमा की 25 प्रतिशत धनराशि
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। यूपी बोर्ड के एडेड स्कूलों की सूरत प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 85 लाख रुपये से बदली जाएगी। इसके लिए विद्यालय प्रबंध समिति ने कुल बजट की 25 प्रतिशत धनराशि जमा कर दी है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यालयों के कायाकल्प के लिए प्रोजेक्ट अलंकार योजना शुरू की थी। इसमें 25 प्रतिशत धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति और 75 प्रतिशत शासन को देनी था। योजना के तहत जिले के गुरसराय के हरिहर क्षेत्र लठवारा और नगर पालिका परिषद, मऊरानीपुर ने विद्यालय के जीर्णोद्धार के लिए आवेदन किया था। अब प्रोजेक्ट अलंकार के तहत बजट जारी किया गया। इसमें हरिहर क्षेत्र लठवारा गुरसराय में 25 लाख से निर्माण और मरम्मत कार्य किया जाना है। वहीं नगर पालिका परिषद मऊरानीपुर के विद्यालय में 60 लाख से भवन निर्माण, मल्टीपरपज हॉल बनाया जाएगा। कार्यों के लिए दोनों विद्यालयाें की प्रबंध समिति ने 25 प्रतिशत धनराशि जमा कर दी है। परिषद की ओर से 75 प्रतिशत धनराशि आने का इंतजार है। इसके बाद कार्य शुरू होगा। डीआईओएस राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रबंध समिति ने 25 प्रतिशत धनराशि जमा कर दी है। जल्द ही परिषद की ओर से धनराशि जारी होगी।