झांसी। नगर निगम क्षेत्र में प्रदूषण रोकने का सरकारी प्रयास विफल साबित हो रहा है। वाहन प्रदूषण केंद्र से मिले आंकड़ों के अनुसार 1,09,404 प्रदूषणयुक्त वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं जो शहर की आबोहवा को दूषित कर रहे हैं। शहर में कुल 23 वाहन प्रदूषण केंद्र हैं जहां वाहनों की जांच कर प्रमाणपत्र जारी किया जाता है।
वायु प्रदूषण फैलाने में सर्वाधिक योगदान वाहनों का है। झांसी नगर निगम क्षेत्र में कुल वाहनों की संख्या 2,35,474 है। परिवहन और यातायात विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता के बाद भी अभी तक प्रदूषण में कमी लाने के लिए लोग जागरूक नहीं हैं। अभी तक की जांच में 1,26,070 वाहनों का ही प्रदूषण प्रमाणपत्र मानक के अनुरूप पाया गया है जो कुल वाहनों का 53.54 प्रतिशत है। जांच में कुल 1,09,404 वाहन प्रदूषण सूचकांक के मानक से अधिक पाए गए जो कुल वाहनों का 46.46 प्रतिशत है। इन वाहन स्वामियों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए जरूरी उपकरणों को बदलवाने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
परिवहन विभाग द्वारा नगर निगम क्षेत्र के 23 लोगों को प्रदूषण जांच केंद्र चलाने का लाइसेंस दिया गया है। इनके द्वारा वाहन के प्रदूषण की जांच कर डाटा कंप्यूटर में फीड की जाती है जो सीधे परिवहन विभाग के पोर्टल से जुड़ा है। मानक से अधिक प्रदूषित वाहनों के स्वामियाें को प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए नोटिस जारी की गई है। इसके बाद जांच कर ऐसे वाहनों को सीज करने के साथ ही अर्थदंड भी लगाया जाएगा।