अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार दोपहर सीपरी बाजार के मसीहागंज में गर्भवती की मौत से नाराज होकर मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। सीपरी बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मायके पक्ष के लोग ससुराल जनों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की छानबीन कर रही है।
मसीहागंज निवासी विपिन अहिरवार की शादी करीब पांच साल पहले सदर बाजार के भट्टागांव निवासी रोशनी (25) से हुई थी। दंपती को एक बेटा है। परिजन के मुताबिक रोशनी नौ माह से गर्भवती थी। उसकी तबीयत खराब रहती थी। उसका मेडिकल में इलाज चल रहा था। रविवार को हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां से ग्वालियर भेज दिया गया। ग्वालियर के निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। ससुराल जन शव लेकर मसीहागंज आ गए। रोशनी के पिता नरेश भी परिजन के साथ आ गए। ससुराल के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। शव अर्थी पर रख दिया लेकिन, मायके पक्ष के पहुंचकर हंगामा करने लगे। शव अर्थी से नीचे उतार लिया। हंगामे की सूचना पर मसीहागंज चौकी प्रभारी दीपक धामा भी पहुंच गए। किसी तरह मायके पक्ष के लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के समझाने पर दोनों पक्ष पोस्टमार्टम कराने पर राजी हुए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।