झांसी। कोयले की सैंपलिंग के दौरान चमकीला पत्थर निकलने की भनक सोमवार रात करीब आठ बजे प्लांट के चुनिंदा अफसरों को लग गई थी। इनमें से इन दिनों अवकाश पर चल रहे एक वरिष्ठ अफसर को यह बात जैसे ही मालूम चली वह प्लांट आ धमके। यहां उन्होंने काम करने वाले सुपरवाइजरों से इस बारे में पूछताछ की।
शिफ्ट मालूम चलने के बाद उन्होंने मजदूरों को पहले प्लांट में बुलवाया लेकिन, कोई भी मजदूर प्लांट नहीं आया। इसके बाद देर-रात अपने साथ कई लोगों को लेकर वह अफसर इन मजदूरों के घर जा धमका। वहां साथ में विजिलेंस की टीम के बहाने उसने मजदूरों के घरों की तलाशी शुरू करा दी। दो मजदूरों के घर से इसका टुकड़ा बरामद हुआ जबकि कई मजदूर घर छोड़कर भाग गए। इस टुकड़े को लेकर अफसर एवं मजदूरों के बीच जमकर नोकझोंक और छीना झपटी हुई। मजदूरों से दो टुकड़े छीनकर अफसर ने इसे अपने पास रख लिया लेकिन, प्लांट में जमा न कराकर वह अपने साथ ले गया।
चमकीले पत्थर को हीरा मानकर किए 20 से ज्यादा टुकड़े.. बांट लिए मजदूरों ने
झांसी। कोयले की गुणवत्ता की जांच के दौरान जिन मजदूरों के हाथ यह चमकीला पत्थर लगा उन्होंने इसे हीरा ही समझा। चुपचाप बाहर लाकर इसके बीस से अधिक टुकड़े कर डाले और इसे आपस मेें बांट लिया। अपने साथ लेकर इसे प्लांट से भी बाहर निकल आए लेकिन, उनमें से ही किसी ने यह बात अपने साथियों के बीच लीक कर दी। सोमवार शाम को पावर प्लांट के अफसरों को भी यह बात पता चल गई लेकिन, अब 48 घंटे बाद भी इसके टुकड़े किसके-किसके हाथ लगे, यह बताने को कोई राजी नहीं। पावर प्लांट अफसर चमकीले पत्थर की सच्चाई पता लगाने की बात कह रहे हैं लेकिन, अभी तक उनको यही नहीं पता कि आखिर इसके कितने टुकड़े हुए और यह किसके-किसके हाथ लगे।
जिस जगह क्वालिटी कंट्रोल की टीम कोयले की छंटाई करती है वहां, आउटसोर्स कर्मचारी काम करते हैं। उनकी निगरानी को सुपरवाइजर भी तैनात होते हैं लेकिन, वह भी बाहरी कर्मचारी रहते हैं। जिस यार्ड में कोयले की छंटाई होती है वहां कोई सीसीटीवी कैमरे नहीं लगा है। इसी का फायदा उठाकर जिस टीम के हाथ सबसे पहले यह पत्थर लगा वह चुपचाप इसे लेकर बाहर निकल आई। उसके बाद इन मजदूरों ने उसके कई टुकड़े कर डाले और आपस में उसे बांट लिया।
धनबाद कोयला खदान से पहले भी निकल चुका हीरा
झांसी। पारीछा थर्मल पावर प्लांट में जिस पत्थर के हीरा होने की आशंका जताई जा रही है वह कोयले की रैक धनबाद से यहां आई थी। हीरा हर कोयले की खदान से नहीं निकलता लेकिन, इसके पहले भी कई बार धनबाद के कोयला खदान से हीरा निकल चुका। पिछले साल भी धनबाद की बीसीसीएल एरिया पांच के अंतर्गत कनकनी कोलयरी में हीरा निकला था। विशेषज्ञों का कहना है कि सामान्य तौर पर हीरा भी कोयले की तरह कार्बन का स्वरूप है। पेड़-पौधों के भूगर्भ में समा जाने के हजारों साल बाद यह पक्के कोयले में बदल जाता है। इसके बाद वहां के तापमान के पंद्रह सौ डिग्री सेंटीग्रेट से अधिक होने पर खास दबाव होने पर यह कोयला हीरा में बदल जाता है।
हीरा हुआ तो करोड़ों में कीमत
खदान से निकलने वाला कोयला चमकीला नहीं होता है। यह बेडौल अंदाज में रहता है। बाहर आने पर पालिश के बाद ही उसमें चमक आती है। इसके बाद इसको तराशने का काम किया जाता है। इसके मुताबिक ही उसकी कीमत तय होती है। पावर प्लांट के लोगों की मानें तब वह कीमती पत्थर काफी वजनी था। इसकी कीमत करोड़ों में होगी।