पिछले करीब 12 दिनों से लापता बुजुर्ग की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई जबकि उनके परिवार के लोग तांत्रिकों के सहारे उनकी खोज में लगे हुए थे। उनका पता न चलने पर हताश परिजन बुधवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने उनकी शिनाख्त की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
जालौन के गोहन थाना के सुरावली गांव निवासी प्रेम कुमार ने बताया कि उनके पिता पुन्नू (62) पुत्र अर्जुन दस फरवरी को घर के पास से लापता हो गए थे। उनकी कई जगह तलाश की गई लेकिन, उनका पता नहीं चला। परिवार के लोगों ने उनकी तलाश में तांत्रिकों का भी सहारा लिया। उनके बताई दिशा में उनकी तलाश की गई लेकिन, उनका पता नहीं चला। पुलिस की सलाह पर वह लोग उनको तलाशते हुए बुधवार को मेडिकल कॉलेज चौकी पहुंचे।
यहां तस्वीर दिखाने पर पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग को कुछ दिनों पहले उरई आरपीएफ ने यहां भर्ती कराया था। उपचार के दौरान 16 फरवरी को उनकी मौत हो गई लेकिन, पहचान न होने की वजह से शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। आज 72 घंटे पूरे होने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था, तभी उनके परिजन वहां आ गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
फांसी के फंदे पर झूला युवक
झांसी कोतवाली के नई बस्ती निवासी जितेंद्र (40) पुत्र मुरारी कुशवाहा ने बुधवार शाम घर में फांसी लगाकर जान दे दी। उस दौरान परिवार के लोग भी मौजूद थे। जब परिजनों को घटना के बारे में मालूम चला तब उन लोगों ने उसे फंदे से नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।