power house, jhansi hindi news
- फोटो : demo
झांसी। बिजली घर बनाने के लिए नगर निगम ने भगवंतपुरा पर 2750 वर्ग फीट जमीन चिह्नित कर दी है। जल्द ही कागजी कार्रवाई पूरी होने पर बिजली घर बनाने का काम शुरू हो जाएगा। इस योजना के पूरे होने पर दो सब स्टेशनों का लोड कम हो जाएगा।
आर-एपीडीआरपी पार्ट-बी (स्काडा) योजना के अंतर्गत भगवंतपुरा, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय व हाइडिल कॉलोनी में नए सब स्टेशन प्रस्तावित हैं। लंबे समय से नगर निगम जमीन देने के लिए आनाकानी कर रहा था। मगर, अब नगर निगम भगवंतपुरा से आगे वन विभाग के ऑफिस के पीछे दिगारा मार्ग पर 2750 वर्ग फीट जमीन देने को तैयार हो गया है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता (द्वितीय) पंकज अग्रवाल ने बताया कि जल्द ही एग्रीमेंट की कार्रवाई पूरी कर सब स्टेशन बनाने काम शुरू कर दिया जाएगा।
मालूम हो कि, नए विद्युत सब स्टेशन से भगवंतपुरा, बरुआसागर आदि आसपास क्षेत्रों को जोड़ा जाएगा। इससे हंसारी व मेडिकल सब स्टेशन पर भार कम हो जाएगा। तीनों सब स्टेशनों पर बराबर लोड बंटने से ओवर लोडिंग की समस्या से निजात मिलेगी।
विश्वविद्यालय सब स्टेशन की बाधा नहीं हो सकी दूर
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन ने डड़ियापुरा नारायण बाग की तरफ अपनी चारदीवारी के अंदर विद्युत विभाग को सब स्टेशन बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करा रखी है। पिछले दिनों राज्यपाल द्वारा सब स्टेशन की भूमि का शिलान्यास किए जाने के बाद विद्युत विभाग ने सिविल वर्क शुरू कर दिया था। मगर, कार्य शुरू होने के कुछ दिन बाद ही सब स्टेशन से निकलने को दिए रास्ते पर एक दबंग ने रातों रात दीवार खड़ी कर ली।
इस समस्या का अभी तक हल नहीं निकल सका है। इस कारण सब स्टेशन का कार्य बंद चल रहा है। समस्या के हल के लिए विद्युत अधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पत्राचार शुरू कर दिया है।