झांसी। दुनारा ट्रांसमिशन सबस्टेशन से गल्ला मंडी और न्यू गल्ला मंडी सबस्टेशन से आने वाली हाईटेंशन लाइन का केबल बक्सा बुधवार की शाम फट गया। इससे 40 से अधिक क्षेत्रों की बिजली तीन घंटे तक गुल रही। इस कारण 25 हजार से अधिक लोग परेशान रहे। बिजली न आने से घरों में पानी की भी किल्लत रही।
बड़ागांव के दुनारा स्थित ट्रांसमिशन सबस्टेशन से गल्लामंडी और न्यू गल्लामंडी सबस्टेशन को बिजली मिलती है। हाईवे के बगल से होकर आई यह लाइन आठ जगह अंडर ग्राउंड होकर निकली है। इस कारण अंडर ग्राउंड लाइन में फाल्ट आने पर उसे दुरुस्त करने में वक्त लग जाता है। इन सबस्टेशनों से ओरछा गेट, तालपुरा, लक्ष्मीगेट, बड़ाबाजार, भगवंतपुरा, शिवाजी नगर, नारायण बाग फीडर जुड़े हैं।
बुधवार की पौने चार बजे दुनारा से आने वाली हाईटेंशन लाइन का केबल बक्सा शंकरगढ़ के पास फट गया। कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट का पता किया। तीन घंटे बाद बिजली को चालू किया जा सका। हालांकि, इस बीच हंसारी से लाइन को जोड़कर नारायण बाग फीडर की बिजली को चालू रखा गया।
बिजली न आने से गल्लामंडी, तालपुरा, खुशीपुरा, कपूर टेकरी, ओरछा गेट, बाहर सैंयर गेट, बकरा मंडी, सागर गेट, लक्ष्मी गेट, पारेश्वर, बंगला घाट, घासमंडी, तिलयानी बजरिया, बड़ाबाजार, कैलाश रेजीडेंसी, ओमशांति नगर, शिवाजी नगर, राजपूत कॉलोनी, भगवंतपुरा आदि क्षेत्र के लोग परेशान रहे। पिछले सप्ताह भी इस लाइन में कई बार फाल्ट आए थे, जिससे घंटों बिजली बंद रही थी।