झांसी। गल्ला और न्यू गल्लामंडी सबस्टेशन का करंट तीसरे दिन भी फाल्ट के कारण बंद रहा। हाइटेंशन लाइन का केबल बक्सा फटने से तीन घंटे तक 35 हजार लोग गर्मी से परेशान रहे।
शुक्रवार की सुबह 10.30 बजे बड़ागांव के दुनारा स्थित ट्रांसमिशन सबस्टेशन से गल्ला और न्यू गल्लामंडी सबस्टेशन आने वाली हाइटेंशन लाइन का केबल बक्सा रास्ते में फट गया। बिजली जाने पर उपखंड अधिकारी निखिल जिंदल व अवर अभियंता रविचंद्र ने स्टाफ के साथ फाल्ट को तलाशने के लिए पेट्रोलिंग शुरू की। बड़ी मशक्कत के बाद लाइन में फाल्ट को तलाश किया जा सका। रास्ते में एक जगह अंडर ग्राउंड केबल का बक्सा फट मिला। केबल को दुरुस्त करने के बाद आपूर्ति को 1.30 बजे सामान्य बनाया जा सका। वहीं, लाइन के चालू होने के बाद पता लगा न्यू गल्लामंडी से जुड़े नारायण बाग फीडर की लाइन चालू नहीं हो रही है। बाद में उक्त फीडर के फाल्ट को तलाशने के बाद शाम 4.30 बजे बिजली को चालू किया गया। 21 व 22 अप्रैल की रात भी उक्त लाइन का जंपर उड़ने से चार से पांच घंटे बिजली बंद रही थी।
बिजली न आने से गल्लामंडी, तालपुरा, खुशीपुरा, कपूर टेकरी, ओरछा गेट, बाहर सैंयर गेट, बकरा मंडी, सागर गेट, लक्ष्मी गेट, पारेश्वर, बंगलाघाट, घासमंडी, तिलयानी बजरिया, बड़ाबाजार, कैलाश रेजीडेंसी, ओमशांति नगर, शिवाजी नगर, राजपूत कॉलोनी, डड़ियापुरा, नारायण बाग, भगवंतपुरा आदि क्षेत्र के लोग परेशान रहे।
- दुनारा से आने वाली हाइटेंशन लाइन को शनिवार को पूरा चेक करवाया जाएगा। लाइन के सभी जंपर का मेंटीनेंस कराया जाएगा। अंडरग्राउंड केबल की जांच करवाई जाएगी, ताकि आगे फाल्ट न हों।
राकेश वार्ष्णेय, अधीक्षण अभियंता (महानगर)।
ये है समस्या
बड़ागांव के दुनारा स्थित ट्रांसमिशन सबस्टेशन से गल्लामंडी और न्यू गल्लामंडी सबस्टेशन को बिजली मिलती है। हाईवे के बगल से होकर आई यह लाइन आठ जगह अंडर ग्राउंड होकर निकली है। इस कारण अंडर ग्राउंड लाइन में फाल्ट आने पर उसे दुरुस्त करने में वक्त लग जाता है। इन सबस्टेशनों से ओरछा गेट, तालपुरा, लक्ष्मीगेट, बड़ाबाजार, भगवंतपुरा, शिवाजी नगर, नारायण बाग फीडर जुड़े हैं।