संवाद न्यूज एजेंसी
पूंछ। थाना क्षेत्र के ग्राम बरोदा में 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन का खंभा टूटने से तीन दिन से बिजली की आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
ग्रामीण हरिप्रकाश राजपूत, लाखन सिंह आदि ने बताया कि गांव में समथर फीडर से बिजली की आपूर्ति की जाती है। तीन दिन पहले ग्राम के समीप रघुवीर के खेत के पास लगा 11 हजार केवी लाइन का एक खंभा अचानक टूट गया था। खंभा टूटने के बाद से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बंद है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से पंखे, कूलर और अन्य घरेलू उपकरण बंद हैं। वहीं, गांव की आटा चक्कियां भी ठप हैं, जिससे लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों ने बताया कि नलकूप भी नहीं चल पा रहे हैं। पानी की कमी से खेती का कार्य बाधित हो रहा है।
इस संबंध में विद्युत खंड अधिकारी अनिल सागर ने बताया कि विभाग के पास फिलहाल नया खंभा उपलब्ध नहीं है। खंभा मिलते ही लाइन की मरम्मत कराकर बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।