झांसी। किराए के भवनों में संचालित परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों, शिक्षकों को अब शौच के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पडे़गा। बीएसए ने भारत सरकार के ‘स्वच्छ भारत, स्वच्छ विद्यालय’ अभियान के तहत कार्य कर रही संस्था टेहरी हाइड्रो इंड्रस्ट्रियल पावर कॉरपोरेशन से पोर्टेबल शौचालय मांगे हैं। शीघ्र ही इन्हें संबंधित विद्यालयों में लगाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जनपद के करीब नौ ऐसे परिषदीय स्कूल हैं, जहां जगह की कमी के चलते विभाग शौचालय एवं टायलेट निर्माण नहीं करा पा रहा है। ऐसे में इन विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों एवं शिक्षकों को लघु शंका एवं शौच के लिए इधर-उधर जाना पड़ता है। ऐसी स्थिति में अधिकांश बच्चे घर चले जाते हैं ैर फिर लौट कर नहीं आते हैं। इन दिनों विभाग द्वारा परिषदीय स्कूलों में शौचालय निर्माण अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी बीएसए डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ऐसे में समस्याग्रस्त स्कूलों के लिए पोर्टेबल शौचालयों की व्यवस्था की जा रही है।
इन परिषदीय स्कूलों में नहीं है शौचालय
1- प्राथमिक विद्यालय आर्य समाज कन्या
2- प्राथमिक विद्यालय नंदनपुरा
3- प्राथमिक विद्यालय ओरछा गेट बालक
4- प्राथमिक विद्यालय नैनागढ़
5- प्राथमिक विद्यालय नवीन यूनिट नई बस्ती
6- प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव कन्या
7- प्राथमिक विद्यालय दतिया गेट
8- प्राथमिक विद्यालय नवीन समथर
9- प्राथमिक विद्यालय मेडिकल कॉलेज