झांसी। महानगर में प्रतिबंधित पॉलिथीन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को नगर निगम की टीम ने डड़ियापुरा क्षेत्र से 50 क्विंटल पॉलिथीन बरामद की। घर के बेसमेंट में पॉलिथीन का भंडार लगा हुआ था। मामले में कारोबारी का चालान काटा गया है।
नगर निगम का प्रवर्तन दल बुधवार को गल्ला मंडी रोड से गुजर रहा था। इस दौरान तुलसा विवाहघर के सामने टीम ने एक ऑटो से पॉलिथीन उतरते देखी। इस पर टीम ने ऑटो से उतर रही पॉलिथीन को जब्त किया। इसके बाद देखा तो पॉलिथीन पास की एक गली में बने घर में जा रही थी। घर पर टीम के सदस्यों ने छापा मारा, तो बेसमेंट में पॉलिथीन का भंडार मिला। इस पर नगर निगम अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई। टीम ने बेसमेंट से पॉलिथीन को निकलवाकर नगर निगम पहुंचाया। साथ ही कारोबारी सोहिल साहू का 40 हजार रुपये का चालान काटा गया है। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एनएन वाजपेयी, संपत्ति अधिकारी सुरेंद्र सिंह, शहर कोतवाल एके अवस्थी, सूबेदार टीएन पस्तोर, सूबेदार केके मिश्रा, शमशेर सिंह, नीरज नायक, अरविंद सिंह, मनोज सिंह, विक्रम सिंह, सुमन तिवारी, तेज करन मौजूद रहे।