झांसी। बर्ड फ्लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मध्यप्रदेश से आने वाले मुर्गा-मुर्गियों को यहां लाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई। प्रमुख सचिव भुवनेश कुमार ने मप्र से सटे सीमावर्ती जनपदों में खास निगरानी के निर्देश दिए हैं।
मप्र के विभिन्न जनपद बर्ड फ्लू की चपेट में हैं। इसको देखते हुए उत्तर प्रदेश को नियंत्रित क्षेत्र के तौर पर अधिसूचित कर दिया गया। अब उप्र में बाहरी प्रदेशों से पोल्ट्री उत्पादों का आयात नहीं हो सकेगा। आदेश जारी होने के साथ ही सीमावर्ती इलाकों मेें चौकसी बढ़ा दी गई। मप्र से जुड़ने वाली झांसी की सीमाओं पर निगरानी रखी जाएगी। खास तौर से पोल्ट्री उत्पाद निवाड़ी, दतिया सीमा की ओर से यहां प्रवेश करते हैं। इसको देखते हुए यहां भी निगरानी रखी जाएगी। बता दें, झांसी में पोल्ट्री उत्पादों की मांग पूरा करने के लिए मप्र से बड़े पैमाने पर इनकी आपूर्ति होती थी। इनमें ब्रायलर समेत अंडे आदि शामिल हैं। बर्ड फ्लू का प्रकोप आरंभ होने के बाद इनकी आपूर्ति काफी प्रभावित हुई थी लेकिन, अब पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई। अपर पशुचिकित्साधिकारी डॉ.वाईके तोमर का कहना है कि यह सीमावर्ती जनपद होने के नाते खास चौकसी की जाएगी। यह प्रतिबंध अगले आदेश तक जारी रहेगा।