झांसी। मंगलवार को पुलिस उप महानिरीक्षक जोगेंद्र कुमार ने सदर सर्किल के प्रेमनगर, रक्सा, बबीना व बड़ागांव थाने के प्रभारी निरीक्षक /थानाध्यक्षों को निर्देश जारी किए।
डीआईजी ने निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण करें। इसमें शिथिलता पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। वांछित अपराधियों की टीमें गठित कर गिरफ्तारी की जाए। नकबजनी, लूट आदि के अपराधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ गैंग पंजीकरण की कार्रवाई की जाए। टॉप टेन अपराधियों को चिह्नित कर गैंगेस्टर, गुंडा एक्ट, संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की जाए। हिस्ट्रीशीटरों व दो सालों में संपत्ति संबंधी अपराधों में जमानत पर छूटे अपराधियों का डोर-टू-डोर जाकर सत्यापन कर लिया जाए। इनामी अपराधियों की टीम बनाकर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा जमानत पर छूटे अपराधियों का सत्यापन कराया जाए। यदि कोई अपराधी जमानत पर बाहर आकर अपराध में लिप्त है तो जमानत निरस्त कराते हुए उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। चुनाव को ध्यान में रखते हुए सघन चेकिंग करें।