अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मतगणना के दौरान उपद्रव होने के इनपुट ने पुलिस को पहले ही सतर्क कर दिया था। मतगणना स्थल से करीब दो किलोमीटर दूर ही सुरक्षा घेरा बनाया गया था। बाहरी सुरक्षा घेरे की जिम्मेदारी सीओ स्तर के अधिकारी को सौंपी गई थी। यहां बैरियर लगाकर सभी वाहन रोक दिए गए थे। इसके अंदर सिर्फ पास धारकों को ही जाने दिया जा रहा था। गांव के भीतरी रास्तों पर भी पुलिस का कड़ा पहरा था।
सुबह करीब सात बजे मतगणना आरंभ होने पर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा बूढ़ा बैरियर के पास लगने लगा लेकिन, पुलिस ने पास धारकों को ही अंदर जाने दिया। इसको लेकर कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोंकझोक भी हुई। पुलिस की सख्ती से कार्यकर्ताओं को वहां से बैरंग वापस जाना पड़ा। मतगणना आरंभ होने के कुछ समय तक बैरियर के आसपास कार्यकर्ता कुछ देर तक जमे रहे लेकिन, समय बढ़ने के साथ कार्यकर्ता वहां से छंटने लगे। वहीं, महानगर के अंदर भी सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री फोर्स को तैनात किया गया था। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक मतगणना पूरी तरह से शांतिपूर्ण रही।