झांसी। माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के तीन आरोपियों में से दो बुंदेलखंड के बांदा और हमीरपुर जनपद के हैं। ऐसे में पुलिस आरोपियों का बुंदेलखंड में नेटवर्क खंगालने में जुट गई है। इस तथ्य की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं हत्यारोपियों ने साबरमती से प्रयागराज ले जाते समय अतीक की झांसी में हत्या की प्लानिंग तो नहीं की थी।
प्रयागराज में शनिवार को माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को तीन युवकों ने अंजाम दिया था। इनमें से दो बुंदेलखंड के रहने वाले हैं। आरोपी लवलेश तिवारी बांदा का है, जबकि अरुण मौर्य हमीरपुर का रहने वाला है। दोनों का ही आपराधिक इतिहास रहा है। ऐसे में पुलिस ने लवलेश और अरुण का बुंदेलखंड में नेटवर्क खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि दोनों की दोस्ती जेल में हुई थी। इन दोनों के बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों में किन-किन से संबंध रहे हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच कड़ी दर कड़ी आगे बढ़ रही है।
इतना ही नहीं, माफिया अतीक अहमद गुजरात की साबरमती जेल से प्रयागराज जाते समय पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच तीन बार झांसी से होकर गुजरा था। उसे दो बार यहां पुलिस लाइन में भी रखा गया था। ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कहीं प्रयागराज से पहले युवकों ने अतीक को झांसी में ठिकाने लगाने की योजना तो नहीं बनाई थी। इसके लिए वे झांसी पहुंचे थे या नहीं, यदि झांसी आए थे तो यहां कहां रुके थे और किससे उन्होंने संपर्क किया था। इन सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए पुलिस आगे बढ़ रही है। हालांकि, यह पड़ताल पूरी तरह से गोपनीय रखी गई है।
एसटीएफ की जांच भी है जारी
झांसी। बृहस्पतिवार को झांसी के बड़ागांव थाना इलाके में पारीछा थर्मल पावर प्लांट के पास एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में अतीक का बेटा असद अहमद और शूटर गुलाम मारा गया था। वे अतीक अहमद को साबरमती से प्रयागराज ले जाते समय झांसी में पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की फिराक में थे। इसी दौरान उनकी एसटीएफ के साथ मुठभेड़ हो गई थी। एसटीएफ इस बात की पड़ताल में जुटी हुई है कि झांसी में असद और गुलाम गुलाम किन-किन के संपर्क में आए थे और उन्हें यहां किसने पनाह दी थी। इसके अलावा पुलिस को अतीक गिरोह के गुड्डू मुस्लिम के भी झांसी में होने का इनपुट मिला था। जानकारी मिली थी कि यहां एक ठेकेदार ने उसे पनाह दे रखी थी। एसटीएफ गुड्डू मुस्लिम का झांसी का नेटवर्क तलाश कर रही है। ब्यूरो