झांसी के रक्सा थाना इलाके के ग्राम खैरा निवासी युवक शिवा (28) की 12 अप्रैल की रात लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई विनोद की शिकायत पर पुलिस ने शिवा के दोस्त जय हिंद समेत सात-आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था।
रविवार को पुलिस ने इस घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस की गिरफ्त में आए हत्यारोपी जयहिंद ने बताया कि उसकी व घटना के एक अन्य आरोपी कुलदीप चतुर्वेदी की मृतक शिवा की पत्नी माधुरी से फोन पर बात होती थी।
माधुरी के कहने पर ही उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शिवा को मौत के घाट उतारा। पुलिस ने हत्यारोपी मृतक की पत्नी माधुरी समेत जयहिंद उर्फ रघुवर, कुलदीप चतुर्वेदी, छोटू परिहार व दीनदयाल केवट को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त की गई कुल्हाड़ी व डंडे बरामद कर लिए गए हैं।