अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। गुरसराय के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भान प्रकाश सिरवरिया की हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस उनके रिश्तदारों समेत किराएदारों के मोबाइल सीडीआर खंगालने में जुटी है। पुलिस को हत्या का सुराग उसी मकान में छुपे होने का शक है। पुलिस को घटनास्थल पर शव के पास से जो रस्सी मिली, उसका एक हिस्सा दूसरे दिन भी मकान में पड़ा मिला। घर के भीतर किसी के आने-जाने का भी कोई सुराग नहीं मिला। किराएदारों के बयानों में विरोधाभास से पुलिस का शक बढ़ गया। पहले किराएदार भान प्रकाश के तड़के 4 बजे सैर के लिए बाहर जाने की बात कह रहे थे, लेकिन जांच में यह बात गलत पाई गई। उनका शव सीढ़ी के पास तड़के करीब 5 बजे मिलने की बात पहले किराएदार कह रहे थे, लेकिन कई घंटे बाद पुलिस को सूचना नहीं देने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इन सब सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस आसपास के कई लोगों से पूछताछ कर रही है। छानबीन में मालूम चला कि भान प्रकाश ब्याज पर पैसे देने का भी काम करते थे। वहीं, एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति का कहना है कि पुलिस को कुछ सुराग हाथ आए हैं। उनके सहारे आगे जांच की जा रही है। डेढ़ दर्जन से अधिक मोबाइल सीडीआर खंगाले जा रहे हैं।
घर में पड़ा मिला था शव, पोस्टमार्टम में निकली थी हत्या
झांसी। नवाबाद के तालपुरा मोहल्ला स्थित घर में पूर्व पंचायत अध्यक्ष भान प्रकाश का शव मंगलवार की सुबह पड़ा मिला था। उनके गले पर चोटों के निशान थे। घर में उनकी पत्नी रहती हैं, जिनकी मानसिक दशा ठीक नहीं है। दो अन्य किरायेदार भी घटना के वक्त अपने घरों में थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर साफ हो सका था कि भानप्रकाश की गला घोंटकर हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्य संकलन किया था।