अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिला पुलिस ने पोस्टमार्टम और मेडिको लीगल रिपोर्ट के लिए क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) से स्वास्थ्य विभाग के मेडिको लीगल एक्जामिनेशन एंड पोस्टमार्टम रिपोर्ट (मेडलीपार) पोर्टल पर अनुरोध (रिक्वेस्ट) भेजना शुरू कर दिया है। सबसे पहली रिक्वेस्ट सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए की। वहीं, मेडिको लीगल रिपोर्ट (एमएलसी) के लिए सीपरी बाजार व कोतवाली पुलिस ने रिक्वेस्ट भेजी।
केंद्र और राज्य सरकार जनसुविधाएं ऑनलाइन करवा रही हैं, ताकि लोगों को कोई भी दिक्कत नहीं हो और सरकारी विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने अगस्त 2024 से मेडिको लीगल एग्जामिनेशन एंड पोस्टमार्टम रिपोर्ट (मेडलीपार) पोर्टल शुरू किया। इस पोर्टल पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एमएलसी बनना शुरू हो गया। बावजूद इसके पुलिस और पीड़ित को रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस समस्या का निदान करने के लिए शासन के निर्देश पर मेडलीपार पोर्टर को पुलिस के सीसीटीएनएस पोर्टल से जोड़ दिया गया। मगर हालात यथावत रहे जिसकी वजह सीसीटीएनएस पोर्टल से मेडलीपार पोर्टल पर पोस्टमार्टम एवं एमएलसी के लिए अनुरोध नहीं भेजा जा रहा था। पुलिस को अनुरोध भेजने के लिए करीब दो माह पहले भी शासन से पत्र आ चुका था। अमर उजाला ने 12 जुलाई को ‘हाईटेक जमाने में भी पुरानी लीक पर ही चल रही झांसी पुलिस’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इस खबर को एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने गंभीरता से लेते हुए सीसीटीएनएस पोर्टल से स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर रिक्वेस्ट भेजने के आदेश दिए। इसका परिणाम रहा कि मंगलवार को सदर बाजार थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए जिले में सबसे पहली रिक्वेस्ट भेजी। वहीं, बुधवार को सीपरी बाजार थाना पुलिस ने एमएलसी के लिए तीन व कोतवाली पुलिस ने एक रिक्वेस्ट भेजीं।