झांसी। पुलिस द्वारा ट्रक चालक को पीटने से गुस्साए अन्य ट्रक चालकों ने शुक्रवार को फोरलेन बाईपास पर जाम लगा दिया, जिससे तकरीबन एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में चार सिपाहियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
कानपुर के रामपुर निवासी ट्रक चालक विश्वनाथ ट्रक लेकर कानपुर से मुंबई की ओर जा रहा था। दोपहर तकरीबन साढ़े तीन बजे उसे बाईपास पर लहर पुल पर पुलिस की चीता मोबाइल टीमों ने रोक लिया। ट्रक ड्राइवर का आरोप है कि पुलिस उससे पैसे की मांग कर रही थी। न देने पर उसे पीटा और तीस हजार रुपये भी छीन लिए। यह जानकारी होने पर उस रोड से निकलने वाले अन्य ट्रक चालकों ने भी अपनी गाड़ियां खड़ी कर दीं, जिससे वहां जाम लग गया। सूचना पाकर भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। समझाबुझाकर जाम खुलवाया गया।
सीपरी बाजार थानाध्यक्ष गगन गौड़ ने बताया कि ट्रक ओवरलोड था, जिससे उसे रोका गया था। वसूली का आरोप गलत है। इस दौरान चालक के साथ मारपीट भी हुई। उसका मेडिकल परीक्षण कराकर चार सिपाहियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।