पुलिस ने चोरी की पांच बाइक और लूट के 28 हजार के साथ तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता लगा कि तीनों बदमाशों पर उप्र और मप्र के विभिन्न थानों में लूट व चोरी के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
रविवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि लुटेरे चोरी की बाइक से नारायण बाग तिराहे के पास से निकलने वाले हैं। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आशीष मिश्रा और स्वाट टीम प्रभारी विक्रम सिंह ने नारायण बाग के पास मोड़ पर दो बाइकों पर सवार चार लोगों को रोका। पुलिस को देख वे भागने लगे। पीछा करने पर तीन व्यक्ति दो बाइक समेत दबोचे गए, जबकि भाग गया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम थाना नवाबाद क्षेत्र की विवेकानंद कालोनी निवासी मोहम्मद शरीफ, तालपुरा निवासी नसीर अहम और सुकुवां ढुकुवां कालोनी सिविल लाइन निवासी विजय बताया। बदमाशों ने बड़ागांव गेट बाहर रहने वाले व्यापारी मनीष साहू के साथ पूंछ में हुई नब्बे हजार की लूट की घटना कबूली। इसके अलावा अलावा बदमाशों ने बताया कि वह झांसी और दतिया से बाइक चोरी कर उनके फर्जी कागजात तैयार कर बेच देते हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया ने पत्रकारों को बताया कि बदमाशों पर यूपी और एमपी के अलग-अलग थानों में लूट और चोरी के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। इस मौके पर एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह और एसपी देहात सुधा सिंह मौजूद रहीं।
यह हुई बरामदगी
तीन कारतूस और एक तमंचा, लूटा गया मोबाइल, बबीना हाट, रेलवे वर्कशाप और दतिया से चोरी की गईं बाइक, पूंछ में की गई लूट के 28 हजार नकद, कागजात और कपड़ों से भरा बैग।
एसएसपी ने पुरस्कार की घोषणा
बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आशीष मिश्रा, स्वॉट टीम प्रभारी विक्रम सिंह, बड़ागांव गेट चौकी प्रभारी बदन सिंह, कांस्टेबल योगेंद्र चौहान, विक्रम यादव, देवेश चतुर्वेदी, नरेंद्र कुमार, शत्रुंजय, चंद्रशेखर यादव, सर्वेश कुशवाहा, अंजुल यादव, दुर्गेश चौहान व मनोज कुमार के लिए एसएसपी ने पांच हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।