अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कोतवाली के सुभाषगंज एवं छनियापुरा से पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। उन दोनों ने पानीपत हरियाणा निवासी एक महिला के खाते से 35 लाख रुपये की रकम उड़ा दी। महिला की ओर से एफआईआर दर्ज कराने के बाद से पानीपत पुलिस आरोपियों को तलाश रही थी। सुराग मिलने पर पुलिस ने उन दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
पानीपत निवासी महिला ने करीब तीन महीने पहले धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को सुभाषगंज निवासी जितेश अग्रवाल उर्फ नीतू पुत्र अशोक अग्रवाल समेत नरेंद्र खटीक पुत्र हरीराम निवासी छनियापुरा एवं गोलाकुआं निवासी सनी अहमद के नाम का पता चला। इन लोगों ने महिला को निशाना बनाने के बाद पूरी रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। उसके बाद पैसा निकालकर खाता बंद कर दिया। पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। सुराग मिलने पर शनिवार को पानीपत पुलिस झांसी आ पहुंची। पुलिस ने दबिश देकर जितेश अग्रवाल एवं नरेंद्र खटीक को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल राजेश पाल के मुताबिक, दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।