हॉटस्पॉट कैलाश रिजेंसी में तैनात पुलिस। अमर उजाला
झांसी। महानगर में बढ़ती कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए हॉट स्पॉट इलाकों में फिर से सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहां की गलियों व चौराहों को बंद कर 24 घंटे के लिए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। एसएसपी ने रात के समय बेवजह घर से निकलने वालों पर एफआईआर के निर्देश दिए हैं।
पिछले दिनों महानगर के बिसातखाना, ओरछा गेट, नंदनपुरा, नझाई बाजार, तालपुरा, बल्लमपुर गांव, हंसारी में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद इन इलाकों को हॉट स्पॉट घोषित करने के बाद रास्ते बंद कर दिए गए थे। इन रास्तों पर पुलिसकर्मी तैनात कर आने-जाने वालों पर सख्ती बरती जा रही थी। धीरे-धीरे इन इलाकों के मरीज ठीक होने के बाद ढील देना शुरू कर दी गई थी। लेकिन, इस छूट का लोग नाजायज फायदा उठाकर लॉकडाउन के नियमों का लगातर उल्लंघन करने लगे।
पिछले तीन से चार दिन में पुन: कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ने के बाद एसएसपी डी प्रदीप कुमार ने हॉट स्पॉट इलाकों में सुरक्षा बरतनेे के निर्देश दिए। शनिवार को महानगर के हॉट स्पॉट इलाकों में फिर से सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नए तरीके से बैरीकेडिंग लगा दी गई है। एसएसपी डी प्रदीप कुमार ने बताया कि हॉट स्पॉट इलाकों में लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इसको देखते हुए इन इलाकों में पुन: सख्ती बढ़ा दी गई है।