केंद्रीय विज्ञान, तकनीकी एवं भू विज्ञान मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि लालू, मुलायम व अन्य दलों के विलय से केंद्र सरकार को कोई नुकसान होने वाला नहीं है। पीएम मोदी और पार्टी के साथ पूरा देश है। नरेंद्र मोदी देश के पहले पीएम हैं, जिन्होंने विदेश नीति पर खुद आगे आकर पहल की है। प्रधानमंत्री के विदेश दौरों से देश की साख बढ़ी है। चूंकि, विपक्ष के पास दूसरा कोई मुद्दा नहीं है, इस कारण वह विदेश दौरे को ही मुद्दा बनाए हुए है। वह रविवार की शाम उरई में महासंपर्क अभियान का शुभारंभ कर लौटते समय झांसी स्टेशन पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यूपी में जिस तरह दो करोड़ सदस्य पार्टी ने बनाए हैं, उससे साफ है कि अगली सरकार भाजपा की ही होगी। यूपी में लोग बेसब्री से भाजपा की सरकार बनाने का इंतजार कर रहे हैं। यहां की जनता एक बार फिर कल्याण व राजनाथ सिंह जैसा शासन देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि महासपंर्क अभियान का उत्साह देश में ही नहीं, विदेशों में भी है। विदेशों में इसे कल्याण पर्व के रूप में मनाया जा रहा है।
इस मौके पर सदर विधायक रवि शर्मा, सुरेंद्र सिंह, भगवान दास उर्फ राजू बुकसेलर, प्रदीप शर्मा, हिमांशु दुबे, संजीव अग्रवाल, रोहित गोठनकर आदि उपस्थित थे।