झांसी। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर बड़ी ठगी करने का एक मामला सामने आया है। झांसी और ललितपुर के ग्रामीणों के पास डाक द्वारा कुछ जाली पत्र पास भेजे गए हैं जिसमें आवास दिए जाने की बात कही गई है। रजिस्ट्रेशन के नाम पर 4000 हजार एक बैंक खाते में जमा करने को कहा जा रहा है। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। मंगलवार को कुछ ग्रामीण जब इस पत्र को लेकर अफसरों के पास पहुंचे जो हकीकत सामने आई। जिलाधिकारी ने बताया कि यह पत्र पूरी तरह से जाली है। वह इस संबंध में बुधवार को मुकदमा दर्ज कराएंगे।
जो पत्र लोगों के पास पहुंचे हैं उसमें आवास योजना का जिक्र किया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि आवास योजना का तीसरा चरण अप्रैल 2019 से शुरू हुआ है और मार्च 2022 तक चलेगा। इसके लिए गांवों में आवास बनाए जा रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए बाकायदा वेबसाइट का भी उल्लेख किया गया है। इतना ही नहीं जानकारी करने के लिए एक मोबाइल नंबर भी पत्र में दिया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में भी आया है। किसी भी आवास योजना के लिए कोई पत्र नहीं भेजे गए हैं। यह कोई जालसाजी कर रहा है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वह इस तरह के किसी भी पत्र पर यकीन न करें।