जिले के प्रभारी मंत्री/ प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रानिक्स मंत्री मनोज कुमार पांडे ने विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं में तेजी लाएं, ताकि समय पर योजनाएं पूरी हों और आमजन को योजनाओं का लाभ मिले।
सर्किट हाउस में समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड को पर्याप्त बिजली दी जा रही है। यह सुनिश्चित कर लें कि गांवों में पर्याप्त बिजली जाए, इसमें किसी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होंगे। जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन गांवाें में कार्य शुरू नहीं हुए हैं, वहां पर कार्य शुरू कराए जाएं। उन्होंने जल निगम के कार्यों पर असंतोष व्यक्त किया और कहा कि रीबोर करने की गति बढ़ाएं। अब तक 341 हैंडपंप रीबोर करने के सापेक्ष सिर्फ 148 ही रीबोर हो सके हैं। जिलाधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में योजनाओं के क्रियान्वयन में जिला चौथे स्थान पर है। इस पर प्रभारी मंत्री ने प्रशंसा की।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी नवनीत सिंह चहल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनोद यादव, उपनिदेशक कृषि डा. यूपी सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विकास भवन में धरी रह गईं तैयारियां
प्रभारी मंत्री को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक विकास भवन में करनी थी। इसको लेकर विभाग में सभी तैयारियां कर ली गईं थीं। अधिकारी बैठक करने का इंतजार करते रहे, लेकिन ऐन मौके पर सूचना मिली कि अब सर्किट हाउस में बैठक होगी। इसके बाद सभी आनन- फानन में सर्किट हाउस भागे।