झांसी। आपूर्ति विभाग ने गड़बड़ी सामने आने पर राशन की चार दुकानों को निलंबित कर दिया है, जबकि एक कोटेदार को नोटिस जारी किया है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितताएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शासन - प्रशासन की सख्ती के बाद भी कोटेदार मनमानी पर उतारू हैं। इस पर अंकुश लगाने को आपूर्ति विभाग ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं से राशन व मिट्टी के तेल की तय से अधिक कीमत वसूलने व अनियमित रूप से दुकान बंद रखने पर जिला पूर्ति अधिकारी अशोक कुमार ने राशन की चार दुकानों को निलंबित कर दिया है।
हंसारी के फुटकर मिट्टी के तेल विक्रेता जफर अहमद की दुकान को निलंबित कर उपभोक्ताओं को उचित दर विक्रेता हंसारी के रवि की दुकान से संबद्ध किया गया है। इसी प्रकार हंसारी के फुटकर मिट्टी के तेल विक्रेता महेंद्र पाल की दुकान को निलंबित कर उपभोक्ताओं को हंसारी के उचित दर विक्रेता शैतान सिंह की दुकान से अटैच किया गया है। डड़ियापुरा की उचित दर विक्रेता बिट्टी देवी की दुकान को निलंबित कर उपभोक्ताओं को घनश्यामदास जुगयाना की दुकान से संबद्ध किया गया है।
मुकरयाना के उचित दर विक्रेता धनीराम साहू की दुकान को निलंबित कर मेवातीपुरा की उचित दर विक्रेता गोमती देवी चौरसिया की दुकान से संबद्ध किया गया है। इसके अलावा हंसारी की उचित दर विक्रेता गीता देवी को नोटिस जारी किया गया है।