झांसी। संभागीय परिवहन कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस निर्गत करने से पूर्व आवेदकों के परीक्षण के लिए ड्राइविंग ट्रैक बनकर तैयार हो गया है। लेकिन, वीआईपी के इंतजार में इसका उद्घाटन नहीं हो पा रहा है, जिससे लाइसेंस पुराने ढर्रें पर ही बनाए जा रहे हैं।
कानपुर रोड स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर में दो ड्राइविंग ट्रैक बनाए गए हैं। इनमें दुपहिया व चौपहिया वाहनों के अलग - अलग ट्रैक हैं। अंग्रेजी के आठ के आकार के इन ट्रैकों पर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का परीक्षण किया जाएगा। उन्हें ट्रैक पर कुशलतापूर्वक वाहन चलाकर दिखाना होगा। इसमें पास होने पर ही लाइसेंस निर्गत हो पाएगा। यह ट्रैक एक माह पूर्व बनकर तैयार हो चुके हैं। लेकिन, इन पर आवेदकों का अभी परीक्षण शुरू नहीं किया गया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार ड्राइविंग ट्रैक के उद्घाटन की तैयारी है। विभाग द्वारा लखनऊ से ही मुख्यमंत्री से ट्रैक का उद्घाटन कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके चलते इन पर अभी परीक्षण प्रारंभ नहीं किया गया है। इस स्थिति में परिवहन कार्यालय में पुराने ढर्रे पर ही लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। आवेदकों के ड्राइविंग कौशल का परीक्षण करे बगैर ही उन्हें सड़क पर वाहन दौड़ाने की स्वीकृति प्रदान की जा रही है।