झांसी। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म भरे जा चुके हैं, परीक्षा फार्म की जांच में 827 विद्यार्थियों की फोटो गायब या खराब पाई गई है। बोर्ड ने इन विद्यालयों के प्रधानाचार्य को फोटो में सुधार के लिए 28 फरवरी तक का समय दिया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के हाईस्कूल में 22095 और इंटरमीडिएट में 21505 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इन विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म भरवाए जा चुके हैं, जिनमें फोटो की गड़बड़ी पाई गई है। जिले के 63 विद्यालयों में हाईस्कूल के 223 और इंटरमीडिएट के 604 विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म में फोटो गायब या खराब पाई गई है।
वहीं ऐसे 15 विद्यालय हैं जिसमें दिव्यांग विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, उसमें हाईस्कूल के 13 और इंटरमीडिएट के 5 विद्यार्थियों (कुल 18) को अपना दिव्यांगता प्रमाणपत्र अपलोड करना है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालयों के प्रधानाचार्य को इन सुधार के साथ फार्म अपडेट करने को जिम्मा सौंपा है। परीक्षा फार्म में इन सुधार के लिए परिषद ने 17 फरवरी से 28 फरवरी तक upmsp.edu.in पोर्टल को क्रियाशील किया है।
विद्यालयों को परिषद की तरफ से यह आखिरी मौका दिया गया है। विद्यालय प्रधानाचार्य अपने विद्यार्थियों का परीक्षा फार्म जांच लें, और जिनके फार्म में गड़बड़ी हो वे उसे 28 फरवरी से पहले पोर्टल पर जाकर सुधार करवाएं। - कोमल यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक