झांसी। डीआईजी शरद सचान ने कहा है कि हेलमेट नहीं पहनने पर अब 100 नहीं, 500 रुपये जुर्माना लगेगा। एक हफ्ते बाद बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा।
डीआईजी ने बताया कि हेलमेट न पहनने पर जुर्माना बढ़ाना जरूरी है। बेहतर हो कि अपनी सुरक्षा के लिए खुद ही हेलमेट की आदत डाल लें। तय किया गया है कि एक बार जुर्माना अदा करने के बाद यदि कोई 24 घंटे के भीतर फिर बिना हेलमेट पकड़ा जाता तो उससे फिर 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
बिना हेलमेट कोई पकड़ा गया तो उसे बाध्य किया जाएगा कि उसी वक्त तत्काल हेलमेट खरीदे। यदि वह कहता है कि हेलमेट घर भूल गया तो वाहन खड़ा करवा लिया जाएगा। शीघ्र ही परिक्षेत्र के तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की जाएगी। इसमें हेलमेट चेकिंग के तौरतरीकों और जुर्माने की राशि पर बात होगी। गाइड लाइन जारी की जाएगी ताकि उसी के मुताबिक पुलिस हेलमेट चेकिंग करे।
संकेतक लगाए जाएंगे
डीआईजी ने बताया कि बैठक में तीनों जिलों के सीओ ट्रैफिक और टीएसआई को भी बुलाया जाएगा। उनसे एक्सीडेंट प्वाइंट, ट्रैफिक संकेतकों के बारे में जानकारी की जाएगी। हर जरूरी स्थान पर संकेतक लगवाए जाएंगे।