झांसी। देश में लगातार बढ़ रहे पेट्रोल और डीजल के दाम लोगों की मुसीबत बढ़ा रहे हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के लोगों के लिए झांसी के पेट्रोल पंप मुफीद साबित हो रहे हैं। एमपी वालों को आठ किमी पर पेट्रोल 12 रुपये तक सस्ता मिल रहा है। दोनों प्रदेशों में पेट्रोल और डीजल के दामों में बड़ा अंतर होने के चलते उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे मध्यप्रदेश के लोग झांसी के पेट्रोल पंपों की दौड़ लगा रहे हैं। आलम यह है कि इसके चलते झांसी के पंपों पर पेट्रोल और डीजल की खपत बढ़ गई है।
देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में हाल में ही बड़ा उछाल आया है। झांसी जिले की अधिकांश सीमा मध्यप्रदेश से लगती है। मध्यप्रदेश में डीजल के दाम 89 रुपये लीटर और पेट्रोल के दाम 100 रुपये तक पहुंच गए हैं। जबकि उत्तर प्रदेश में पेट्रोल के दाम 88.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल के रेट 80.97 रुपये प्रति लीटर हैं।
----------
पेट्रोल के लिए लगा रहे दौड़
झांसी के अंबावाय स्थित पेट्रोल पंप से मध्य प्रदेश की सीमा चार किमी दूर है। पेट्रोल पंप पर मध्यप्रदेश के काफी लोग आकर पेट्रोल और डीजल डलवा रहे हैं। आलम यह है कि दतिया तक से लोग आकर यहां पर डीजल और पेट्रोल लेते हैं। दतिया के नागेंद्र कुमार बताते हैं कि मध्यप्रदेश में कीमतें ज्यादा हैं, तो जबकि यहां पर पेट्रोल सस्ता मिल जाता है। इसलिए यहां आकर ही पेट्रोल डलवाते हैं।
----------
दूरी ज्यादा नहीं और कीमत कम है
झांसी के रक्सा से मध्यप्रदेश की सीमा करीब आठ किमी दूर लगती है। यहां स्थित पेट्रोल पंप पर भी मध्यप्रदेश के लोग पेट्रोल लेने पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि इस मार्ग से शिवपुरी, गुना और कोटा के लिए सबसे ज्यादा वाहन गुजरते हैं। मध्यप्रदेश में दाम अधिक होने से अधिकतर वाहन चालक भी यहां पेट्रोल लेते हैं। रानीखेड़ा के प्रेमनारायन कहते हैं कि उत्तर प्रदेश से दूरी ज्यादा नहीं है और पेट्रोल की कीमत कम है, तो यहां से ही पेट्रोल डलवाते हैं।
-----------
झांसी से ही डलवाते हैं पेट्रोल
ओरछा मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंपों का हाल भी कुछ ऐसा ही है। यहां से मध्यप्रदेश की सीमा भी ज्यादा दूर नहीं है। साथ ही ओरछा दर्शन के लिए हर सप्ताह ग्वालियर और दतिया समेत आसपास के लोग आते हैं। मध्यप्रदेश के तमाम लोग भी यहां से पेट्रोल लेते हैं। ग्वालियर के शुभेंद्र चौहान ने बताया कि करीब हर सप्ताह ही ओरछा जाना होता है। झांसी के पंप से ही पेट्रोल डलवाता हूं। मध्यप्रदेश में भी दाम कम होने चाहिए।
------------
यह हैं दोनों प्र्रदेशों में रेट
राज्य पेट्रोल डीजल
मध्यप्रदेश 100 89
उत्तर प्रदेश 88.77 80.97
---------
सीमा के पास पेट्रोल पंप
झांसी में कुल 125 पेट्रोल पंप हैं। इसमें मध्यप्रदेश की सीमा क्षेत्र से करीब 20 पेट्रोल पंप लगे हुए हैं। दामों में अंतर आने के बाद पेट्रोल पंप पर खपत बढ़ गई है। हालांकि पंप संचालक ज्यादा वृद्धि से इनकार कर रहे हैं। रक्सा स्थित पेट्रोल पंप के स्वामी अरुण कुमार कहते हैं कि अधिकांशत: दोनों प्रदेशों में पेट्रोल और डीजल के दामों में अंतर रहता है। अब ज्यादा अंतर हो गया है। सामान्यत: मध्यप्रदेश की सीमा के लोग उत्तर प्रदेश के पंपों की ओर ही आते हैं। मौजूदा समय में भी स्थिति सामान्य है।